कर्नल राज्यवर्धन राठौड़: “आपकी हर समस्या मेरी अपनी” – जनसंवाद में कैबिनेट मंत्री ने सीधे सुनी लोगों की बात
जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने एक बड़ी पहल की है। उनके निवास पर आयोजित एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान माहौल बेहद सकारात्मक रहा। राज्यवर्धन राठौड़ ने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को बेहद गौर से सुना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “आप लोग बेझिझक अपनी परेशानियां लेकर सीधे आएं। आपकी हर तकलीफ मेरी अपनी है, और इन्हें तुरंत प्रभाव से दूर किया जाएगा।”
विकास पर विशेष ध्यान
राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनकी मंशा के अनुरूप ही सरकार का पूरा ध्यान गांवों के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के लिए सजगता से कार्य कर रही है।
जनता का आभार और अधिकारियों को सख्त निर्देश
इस जनसंवाद में ग्रामीणों ने बसेड़ी में बनने वाली नई कृषि मंडी की घोषणा पर मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बड़ा फायदा होगा। साथ ही, राजकीय विद्यालय में कक्षाओं के निर्माण और गौशाला के लिए विधायक कोष से मिली सहायता पर भी उन्होंने धन्यवाद दिया। ग्राम रथ यात्रा और रात्रि चौपाल में की गई विकास घोषणाओं को लेकर भी लोगों ने खुशी जताई।
मौके पर राठौड़ ने अधिकारियों को हाथोंहाथ निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्धता से किया जाएगा।

Comments
Post a Comment