डबल इंजन सरकार का कमाल: कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के प्रयासों से राजस्थान में रेलवे और विकास को नई गति
(जयपुर) राजस्थान सरकार में उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में प्रदेश में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने पर विस्तृत चर्चा हुई। कर्नल राठौड़ की सक्रियता का ही नतीजा है कि अब राजस्थान में विकास की तस्वीर नीति से लेकर जमीन तक साफ नजर आ रही है।
झोटवाड़ा को बड़ी राहत
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी है। लंबे समय से कनकपुरा रेलवे स्टेशन पर संचालित कंटेनर डिपो के कारण यातायात की समस्या बनी हुई थी। अब इस डिपो को शहर के बाहरी क्षेत्र में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी।
333 करोड़ की ROB-RUB परियोजनाएं
क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को गति दी गई है:
धानक्या-बोबास (53.70 करोड़) और बोबास-आसलपुर (50.14 करोड़) के लिए जीएडी स्वीकृत।
आसलपुर-हिरनोदा (147.85 करोड़) और आसलपुर-जोबनेर (81.09 करोड़) के लिए भी स्वीकृति मिल चुकी है।
बिंदायका स्टेशन पर आरयूबी का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि सिरसी-हाथोज और सिनवार क्रॉसिंग पर आरओबी की DPR जून 2026 तक तैयार होगी।
यात्री सुविधाओं पर फोकस
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिंदायका और धानक्या हॉल्ट स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म रेजिंग व एक्सटेंशन का काम तेजी से चल रहा है। फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। साथ ही, सुरक्षा बढ़ाने के लिए स्टेशनों पर बेहतर रोशनी के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे और लॉजिस्टिक्स का मजबूत हब
कर्नल राठौड़ ने स्पष्ट किया कि केवल रेलवे तक ही सीमित न रहते हुए, सेमीकंडक्टर सेक्टर और दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) को मजबूत करने पर भी मंथन हुआ। उन्होंने कहा, "राजस्थान अब रेलवे और लॉजिस्टिक्स का एक मजबूत हब बनेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार (केंद्र और राज्य) के प्रभावी समन्वय से ही इतने बड़े प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारना संभव हो पा रहा है। ट्रेन स्टॉपेज बढ़ाने को लेकर भी केंद्रीय मंत्री से सकारात्मक चर्चा हुई है, जिससे आमजन को और बेहतर सुविधा मिलेगी।

Comments
Post a Comment