अजमेर से शुरू हुआ विकसित राजस्थान का स्वर्णिम अध्याय: कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने PM मोदी का जताया आभार
राजस्थान के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के अजमेर दौरे ने प्रदेश के विकास की गति को नई ऊंचाई दी है। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और अजमेर के सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इस यात्रा को प्रदेश के आत्मविश्वास और संभावनाओं को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक क्षण बताया।
युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र, परिवारों में खुशहाली:
कर्नल राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह दौरा सिर्फ परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं था, बल्कि यह राजस्थान के तेज, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी विकास का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से 22,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने को 22 हजार से अधिक परिवारों के सपनों को पंख लगाने वाला बताया।
उन्होंने कहा, "भाजपा की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में राजस्थान ने बदलाव देखा है। पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाएं आम थीं, लेकिन आज पेपर लीक पर पूरी तरह से लगाम लगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में युवाओं को मिल रहा यह नियुक्ति पत्र पारदर्शिता और विश्वास का प्रमाण है।"
मातृशक्ति को सुरक्षित करने की दिशा में दूरदर्शी कदम:
प्रधानमंत्री द्वारा 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ पर कर्नल राठौड़ ने कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। "सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प है।"
वीरता की धरती को प्रधानमंत्री का सलाम:
अजमेर को आस्था और शौर्य की धरती बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मेजर दलपत सिंह के पराक्रम का उल्लेख किया। इस पर कर्नल राठौड़ ने कहा, "राजस्थान की मिट्टी में वीरता रची-बसी है। जब देश के प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर हमारे वीर सपूतों का स्मरण करते हैं, तो यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।"
बुनियादी ढांचे को मिली नई मजबूती:
प्रधानमंत्री ने 16,600 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल, सिंचाई, विद्युत, अक्षय ऊर्जा, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड, बीकानेर-कोटा-बूंदी क्षेत्रों में पेयजल योजनाएं, शाहपुरा-थानागाजी हाईवे का विस्तार और उम्मेदपुरा के पास 8-लेन कैरिज-वे का निर्माण शामिल है।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि ये 43 प्रमुख परियोजनाएं राजस्थान की आर्थिक रफ्तार को नई ऊर्जा देंगी। "शहरी विकास हो, परिवहन हो या ऊर्जा क्षेत्र, इन परियोजनाओं से राजस्थान विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राजस्थान का स्वर्णिम भविष्य सुनिश्चित है।"
Comments
Post a Comment