जयपुर के गौरवशाली युवाओं को कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने दी बधाई, साझा किए गणतंत्र दिवस परेड के अनमोल अनुभव
जयपुर, राजस्थान। राज्य के उद्योग एवं सैनिक कल्याण मामलों के मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने हाल ही में एक विशेष मुलाकात में जयपुर के उन होनहार युवाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने इस साल नई दिल्ली में आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस परेड में राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
कर्नल राठौड़ ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में एनसीसी और एनएसएस के उन कैडेट्स से रूबरू हुए, जो 26 जनवरी की परेड का हिस्सा रहे। इन जोशीले युवाओं ने मंत्री जी के साथ प्रशिक्षण के कठिन दिनों से लेकर परेड के ऐतिहासिक क्षण तक के अपने अनुभव साझा किए। यह मुलाकात उनके संघर्ष, समर्पण और सफलता की गाथा को सुनने का एक मार्मिक अवसर थी।
गौरतलब है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में राजस्थान से 184 एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए थे। वहीं, पूरे देश की एनएसएस टीम का नेतृत्व जयपुर की अमिटी यूनिवर्सिटी की छात्रा चारू सिंह ने किया, जो पूरे शहर और राज्य के लिए गर्व का विषय है। राजस्थान से एनएसएस की ओर से कुल 10 छात्र-छात्राओं ने इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग लिया।
इन युवाओं को संबोधित करते हुए कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने उनकी उपलब्धि पर जोर देते हुए कहा कि एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता की शानदार मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा, "ये युवा सिर्फ कार्यक्रमों में भाग नहीं ले रहे, बल्कि एक विकसित भारत की नींव रख रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन को साकार करने में हमारे युवा सबसे बड़े स्टेकहोल्डर हैं।"
इस मिलन का उद्देश्य केवल बधाई देना नहीं, बल्कि इन युवा प्रतिभाओं के जज्बे को सार्वजनिक रूप से सलाम करना भी था। जयपुर के ये चमकते सितारे न सिर्फ राष्ट्रीय पटल पर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं, बल्कि आने वाले समय के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रहे हैं।
हम सभी जयपुरवासियों को इन युवाओं पर गर्व है और कर्नल राठौड़ जी का आभार, जिन्होंने उनका हौसला अफजाई कर उनके प्रयासों को सम्मान दिया।

Comments
Post a Comment